मथुरालीक्स…डिजिटल हुए ठाकुर श्री बांके बिहारी जी, 15 दिनों में 51 लाख भक्तों ने किए लाइव दर्शन..घर बैठे हो रहे लाइव दर्शन, मंदिर के बाहर एलईडी स्क्रीन भी लगीं
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा ब्रज क्षेत्र में विकास भी, विरासत भी के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में बीते 27 फरवरी (रंगभरनी एकादशी) से शुरू हुई लाइव स्ट्रीमिंग की पहल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मात्र 15 दिनों के भीतर जहाँ 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डिजिटल माध्यमों से दर्शन किए, वहीं 45,40,000 श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पंक्तिबद्ध होकर सुगम तरीके से अपने आराध्य का आशीर्वाद लिया।सोशल मीडिया पर उमड़ा आस्था का सैलाब
ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन और तीनों प्रमुख आरतियों- श्रृंगार, राजभोग और शयनभोग आरती का अब प्रतिदिन 10 घंटे सीधा प्रसारण किया जा रहा है। यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और 'एक्स' पर लाइव दर्शन की सुविधा से उन भक्तों को बड़ी राहत मिली है, जो किसी कारणवश वृंदावन नहीं पहुंच पाते। मंदिर के अंदर- बाहर 5 एडवांस कैमरे और 6 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिससे मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव काफी कम हुआ है।
श्री बांके बिहारी मंदिर में भीड़ प्रबंधन में अभूतपूर्व सुधार
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता हर श्रद्धालु को सुलभ और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना है। श्री बांके बिहारी जी के दर्शन की लाइव स्ट्रीमिंग और बड़ी स्क्रीन की इस पहल से श्री बांके बिहारी मंदिर में भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। 15 दिनों में करीब 45.40 लाख लोगों ने मंदिर में व्यवस्थित तरीके से दर्शन किए हैं। तकनीक के इस उपयोग से न केवल सुरक्षा सुदृढ़ हुई है, बल्कि दूर- दराज बैठे भक्त भी सीधे ठाकुर श्री बांके बिहारी जी से जुड़ पा रहे हैं।
गाजियाबाद से आईं श्रद्धालु सुलेखा गौतम ने कहा कि मैं अपने परिवार के साथ आई हूँ।पहले मंदिर की संकरी गलियों और भीड़ को देखकर डर लगता था, लेकिन अब व्यवस्था बहुत बदल गई है। हमने बाहर लगी स्क्रीन पर ठाकुर जी के लाइव दर्शन किए और फिर शांति से पंक्तिबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश मिला।
दिल्ली से आए श्रद्धालु अरुण ने कहा कि लाइव स्ट्रीमिंग शुरू होने से अब मैं ऑफिस में रहते हुए भी राजभोग आरती के दर्शन कर लेता हूं। वृंदावन आने पर भी व्यवस्था पहले से बहुत बेहतर और व्यवस्थित मिलीं। प्रशासन और सरकार का यह प्रयास वाकई काबिले तारीफ है।
पर्यटन सुविधाओं में क्रांतिकारी सुधार
इस पहल से न केवल मंदिर के भीतर धक्का- मुक्की कम हुई है, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी भीड़ नियंत्रित करने में आसानी हो रही है। सरकार के इन प्रयासों ने सिद्ध कर दिया है कि आधुनिक तकनीक और अटूट आस्था के संगम से धार्मिक पर्यटन को और अधिक सुलभ बनाया जा सकता है।
घर बैठे यहां करें साक्षात दर्शन (आधिकारिक लिंक):
यूट्यूब: https://www.youtube.com/@Thakurji.ShriBankeBihariji
फेसबुक: https://www.facebook.com/thakurjishribankebihariji/
इंस्टाग्राम: https://www.instagram.com/thakurjishribankebihariji/