आगरालीक्स…अक्षय तृतीया पर बनने वाले 6 शुभ योग, पूरा दिन उन्नति और सफलता वाला…
इस वर्ष 19 अप्रैल 2026 दिन रविवार में अक्षय तृतीया (आखातीज) मान्य होगी हालांकि इस वर्ष भगवान परशुराम जयंती भी 19 अप्रैल दिन रविवार को मान्य होंगे जिससे इस दिन किसी भी कार्य हेतु अत्यंत शुभ माना जाएगा. अक्षय तृतीया पर 6 शुभ योग बनने जा रहे हैं.आयुष्मान् योग: प्रात:काल से लेकर रात 08:02 बजे तक रहेगा. यह योग लोगों को उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु देने वाला होता है. लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ाता है.
सौभाग्य योग: रात 08:02 बजे से लेकर 20 अप्रैल को शाम 04:11 बजे तक है. यह योग अत्यंत शुभ होता है. इसके शुभ प्रभाव से सुख, समृद्धि, भाग्य और दांपत्य जीवन के सुखों में वृद्धि होती है.
त्रिपुष्कर योग: सुबह 07:10 बजे से लेकर सुबह 10:49 बजे तक है. इस योग में आप जो भी शुभ कार्य करते हैं, उसका तीन गुना फल प्राप्त होता है.
रवि योग: 20 अप्रैल को 04:35 ए एम से 05:51 ए एम तक है. रवि योग में सूर्य देव का प्रभाव अधिक होता है, जिसमें सभी प्रकार के दोष मिट जाते हैं. इस योग में नया कार्य करना अत्यंत शुभ फलदायी होता है.
सर्वार्थ सिद्धि योग: 20 अप्रैल को पूरे दिन है. इस योग में आप जो भी कार्य करेंगे, उसमें आपके कार्य सफल सिद्ध होंगे. सर्वार्थ सिद्धि योग नए कार्य, बिजनेस के प्रारंभ के लिए अच्छा है.
मालव्य राजयोग: 19 अप्रैल को दोपहर 03:51 बजे शुक्र के वृषभ राशि में गोचर करने से मालव्य राजयोग का निर्माण हो रहा है. यह पांच महापुरुष योगों में से एक राजयोग है. इस राजयोग में व्यक्ति को अपार धन, सुख-सुविधा, ग्लैमर, सौंदर्य, ऐश्वर्यपूर्ण जीवन, कलात्मक प्रतिभा आदि प्राप्त होता है.
इन योगों की वजह से इस बार की अक्षय तृतीया अत्यंत पुण्य फलदायी और प्रभावशाली मानी जा रही है। ज्योतिषाचार्य पं. हृदय रंजन शर्मा जी के अनुसार इन 6 शुभ योगों की वजह से अक्षय तृतीया का दिन उन्नति और सफलता प्रदान करने वाला है. इस दिन आपको जो भी नया काम करना है, उसका शुभारंभ कर सकते हैं. इस दिन स्नान, दान, पूजा, पाठ आदि से व्यक्ति को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है.
उन्होंने बताया कि अक्षय तृतीया को पूरे दिन अबूझ मुहूर्त होता है. अबूझ मुहूर्त का अर्थ यह है कि आपको कोई भी शुभ कार्य करने के लिए पंचांग देखने की आवश्यकता नहीं होती है. अक्षय तृतीया को पूरे समय स्वयं सिद्ध मुहूर्त होता है. पूरे दिन में आप कभी भी कोई काम कर सकते हैं.
