आगरालीक्स…पीएम मोदी ने किया देश को संबोधित. बोले—महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ, माफी मांगता हूं. विपक्ष दल इसके गुनहगार, संविधान के अपराधी, नारी शक्ति के अपराधी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रात 8 बजकर 30 मिनट पर देश को संबोधित किया. पीएम का यह संबोधन 30 मिनट यानी नौ बजे तक चला. इस दौरान उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल में संशोधन नहीं हो पाया, इसके लिए मैं सभी माताओं—बहनों से माफी मांगता हूं. पीएम ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि मेरे लिए देशहित सर्वोपरि है. जब कुछ लोगों के लिए दलहित देशहित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति को ही इसका खामियाजा उठाना पड़ता है.पीएम ने कहा कि कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके जैसे विपक्षी दल इसके गुनहगार हैं. ये देश के संविधान के अपराधी हैं. नारी शक्ति के अपराधी हैं. जिन लोगों ने आधी आबादी का अधिकार छीना है, उन्हें इस पाप की सजा मिलेगी. पीएम ने कहा कि आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया. उनके सपनों को बेहरमी से कुचल दिया गया.
उन्होंने कहा कि कल देश की करोड़ों महिलाओं की नजर संसद पर थी. जब ये नारी हित का प्रस्ताव गिरा तो कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी, सपा जैसी परिवारवादी पार्टियां खुशी से तालियां बजा रही थीं. महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेजें थपथपा रहे थे. यह केवल टेबल पर थाप नहीं थी, वह नारी शक्ति के स्वाभिमान पर चोट थी. नारी सब भूल जाती ळै लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती. इसलिए संसद में कांग्रेस के उसके सहयोगियों के व्यवहार की कसक, हर नारी के मन में हमेशा रहेगी.