आगरालीक्स…आगरा की भीषण गर्मी में रेलवे स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनों में यात्रियों को पानी पिला रहे स्काउट्स एवं गाइड्स. पानी की प्याऊ भी की संचालित
उत्तर मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, आगरा मंडल द्वारा ग्रीष्म ऋतु में यात्रियों की सुविधा एवं राहत हेतु आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन एवं धौलपुर स्टेशन पर पानी की प्याऊ की व्यवस्था की गई है।मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में यह जनहितकारी पहल निरंतर जारी है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए यात्रियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा स्टेशन परिसरों में पानी की प्याऊ संचालित की जा रही है। इस दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवक यात्रियों को पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ सेवा एवं सहयोग की भावना से निरंतर कार्य कर रहे हैं। यात्रियों द्वारा इस पहल की सराहना की जा रही है तथा इसे अत्यंत उपयोगी बताया गया है। आगरा मंडल सदैव यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा इसी क्रम में इस प्रकार की जनहितकारी गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जाती रहेंगी।