आगरालीक्स…आगरा में सामूहिक विवाह के जरिए तीन जोड़ों की नई जिंदगी शुरू.
लायंस क्लब संगिनी के तत्वावधान में लायंस क्लब फ्लेमिंग द्वारा विजय नगर स्थित विजय क्लब में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीन नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक जीवन के लिए आवश्यक गृहस्थी सामग्री भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी गई। समारोह में मुख्य अतिथि लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव एवं कल्पना भार्गव ने नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान ने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह समाज में एकता, सहयोग और सेवा भावना का प्रतीक हैं, जो जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल सामाजिक कुरीतियों को कम करते हैं, बल्कि समाज में समरसता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में संगिनी की अध्यक्ष सोनालिका अग्रवाल, सचिव मानसी अग्रवाल और कोषाध्यक्ष रीना गोयल तथा लायंस क्लब फ्लेमिंगो की अध्यक्ष रितिका अग्रवाल, सचिव सलोनी माहेश्वरी और दीपा बंसल ने बारातियों का स्वागत किया। सभी वधुओं की आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया गया।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवयुगलों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया और इसके बाद भावुक माहौल में उनकी विदाई की गई।
इस अवसर पर रुपाली जैन, रितु गोयल, रितु मित्तल, ऋचा जैन, नेहा माहेश्वरी, पूजा असवानी, मनीषा जैन, प्रियंका, प्रिया अग्रवाल, मान्या चोपड़ा, आदिति अग्रवाल, गीतिका अग्रवाल, प्रिया बंसल, तान्या बंसल, बुलबुल, इशा, सौम्या आदि उपस्थित रहीं।