आगरालीक्स…आगरा सहित प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में समय बदला. गर्मी को देखते हुए अब ये होगी टाइमिंग..
आगरा सहित पूरा यूपी इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. ऐसे में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है जो कि दोपहर दो बजे स्कूल से घर वापस लौट रहे थे. लेकिन गर्मी को देखते हुए अब प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों का समय बदल दिया गया है. अब कक्षाएं सुबह 7 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक चलेंगी. शिक्षकों का समय दोपहर डेढ़ बजे तक होगा.बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कहा कि प्रदेश में गर्मी व हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालति परिषदीय विद्यालय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजकर 30 मिनट तक खुलेंगे. हालांकि बच्चों की पढाई दोपहर साढ़े 12 बजे तक होगी जबकि स्कूलों में प्रार्थना सभा, योगाभ्यास सुबह साढ़े सात बजे से सात बजकर 40 मिनट तक होगा. मध्यावकाश सुबह 10 बजे से सवा 10 बजे तक होगा. यह आदेश प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजा गया है.