आगरालीक्स…आगरा के एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड में 23 अप्रैल से शुरू हो रहा है श्री आदिनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव और विश्व शांति महायज्ञ
धर्मनगरी आगरा के न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित नवनिर्मित श्री 1008 सर्वताभद्र जिनालय में आचार्यश्री विरागसागर जी महाराज एवं चर्या शिरोमणि आचार्यश्री विशुद्ध सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंत सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में 23 से 27 अप्रैल तक एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड में भव्य श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है।मंगलवार को एमडी जैन इंटर कॉलेज परिसर के नारायण भवन में श्री आदिनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति द्वारा भव्य पत्रिका विमोचन एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधिवत रूप से महोत्सव की आधिकारिक पत्रिका का विमोचन किया गया। मुख्य संयोजक मनोज जैन ने बताया कि 23 अप्रैल को प्रथम दिवस गर्भकल्याणक महोत्सव के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा. घटयात्रा, शोभायात्रा, भूमि शुद्धि, मंडप उद्घाटन, ध्वजारोहण,अभिषेक, पूजन एवं माता मरुदेवी की गोद भराई जैसी मांगलिक क्रियाएं संपन्न होंगी। सायं कालीन कार्यक्रमों में आरती, प्रवचन एवं विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। जिनमें 16 स्वप्नों का आकर्षक मंचन भी शामिल रहेगा।
संयोजक रजत जैन ने बताया कि 24 अप्रैल को जन्म कल्याणक महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें तीर्थंकर बालक के जन्म के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन, ऐरावत हाथी पर शोभायात्रा, पांडुकशिला अभिषेक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 25 अप्रैल को तप कल्याणक महोत्सव, 26 को ज्ञान कल्याणक महोत्सव एवं 27 अप्रैल को मोक्षकल्याणक के साथ महोत्सव का समापन होगा।
संयोजक पंकज जैन ने बताया कि प्रतिष्ठा ब्रह्मचारी जयकुमार ‘निशांत’ टीकमगढ़ के निर्देशन में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। साथ ही बाहर से आए कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा।