मथुरालीक्स…आगरा—दिल्ली हाइवे पर कैंटर ने ईको कार में मारी टक्कर. चार बार पलटी ईको. एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल…
आगरा दिल्ली हाइवे पर छाता क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कैंटर ने ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ईको चार बार पलट गई जिससे वो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि कैंटर चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला.जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार गोवर्धन से छाता स्थित वाटर पार्क में नहाने के लिए निकला था. छाता पहुंचने पर गोवर्धन चौराहे से कार कोसीकलां के लिए मुड़ गई. हाइवे पर लंबा कट न मिलने के कारण चालक गाड़ी को आगे बढ़ाता गया. जैसे ही ईको कार गांव दौताना फ्लाईओवर के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात कैंटर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार चार बार पलटी इससे कार सवारों में चीख पुकार मच गई. हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने सभी घायलों को बमुश्किल कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्प्ताल में भर्ती कराया.