मथुरालीक्स…पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर वृंदावन, गोवर्धन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब. 5 लाख लोगों से वृंदावन की गलियां हुई जाम तो गोवर्धन में 24 घंटे में 10 लाख श्रद्धालुओं ने दी परिक्रमा
पुरुषोत्तम मास में इस समय ब्रज में आस्था का सैलाब उमड़ा पड़ा हुआ है. एक ओर ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा के लिए हजारों लोग पैदल चल रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर वृंदावन, गोवर्धन, मथुरा, बरसानों में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. आज पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर तो मानों श्रद्धा का सैलाब ही उमड़ पड़ा हो. वृंदावन की गलियां पूरी तरह से जाम थी तो वहीं मथुरा, बरसाना में भी अपार भीड़ थी. इधर गिरिराज की परिक्रमा देने के लिए आसपास के जिलों व राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं.बांकेबिहारी के दर्शन को सुबह से लगी भीड़
वृंदावन के श्री ठाकुर बांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए रविवार को देश के कोने—कोने से श्रद्धालु पहुंचे हैं. सुबह से ही वृंदावन की कुंज गलियां श्रद्धालुओं से जाम रहीं. रात से ही श्रद्धालु यहां पहुंच चुके थे. एक अनुमान के अनुसार पांच लाख लोग आज रविवार को वृंदावन पहुंचे. उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी के अलावा, प्रेम मंदिर और वृंदावन के अन्य मंदिरों में दर्शन किए.
गिरिराज के परिक्रमा मार्ग पर इस समय आस्था की गूंज ही सुनाई दे रही है. दानघाटी से लेकर गोवर्धन मंदिर तक केवल श्रद्धालु ही श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं. परिक्रमा मार्ग पूरी तरह से श्रद्धालुओं से पटा हुआ है. 24 घंटे में करीब 10 लाख श्रद्धालु गोवर्धन महाराज की परिक्रमा दे चुके हैं.