आगरालीक्स…आगरा के प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में मनाया जन्माष्टमी महोत्सव.कारागार में जन्मे देवकी नन्दन, देवों ने किया वन्दन
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री मधुराधीश जी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया। सुगंधित पुष्पों से आक4षक फूल बंगला सजाया। मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों, मनमोहक झांकियों एवं विशेष अलंकरण से सुसज्जित किया गया। कारागर में जन्मे कृष्ण कन्हैया के दर्शन को सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। प्रातःकाल से ही मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो गया। ठाकुर श्री मधुराधीश जी का विशेष श्रृंगार कर उन्हें नवीन वस्त्र, आभूषण तथा सुगंधित पुष्पमालाओं से अलंकृत किया गया। वैष्णव परंपरा के अनुसार भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें माखन-मिश्री, मेवा, मिठाइयां एवं विभिन्न प्रकार के व्यंजन शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से ठाकुरजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। दिनभर भजन-कीर्तन, श्रीमद्भागवत कथा पाठ का आयोजन किया गया। भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण जन्म की बधाइयों और भक्ति गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं ने भगवान के जन्म के पावन क्षणों के दर्शन कर स्वयं को धन्य माना। इस अवसर पर मुख्य रूप से मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, विष्णु कुमार गोयल, नितिन गोयल, वासु गोयल, पार्थ, कृतज्ञ, ब्रज खंडेलवाल, पद्मिनी, जुगल श्रोत्रिय आदि उपस्थित थे।