आगरालीक्स…जाम में बुरी तरह से फंसा आगरा…दोपहर एक बजे से तीन बजे तक भीषण जाम ने बारिश में भी छुड़ा दिए पसीने. एमजी रोड, दिल्ली गेट, एसएन मेडिकल कॉलेज में ब्लॉक हो गए थे रास्ते
आगरा में जाम ने आज बारिश में भी लोगों के पसीने छुड़ा दिए. जाम में बुरी तरह से आगरा फंसा रहा. खासकर दोपहर एक बजे से तीन बजे तक आगरा में जाम की विकट स्थिति रही. एमजी रोड हो या फिर देहली गेट, एसएन मेडिकल कॉलेज हो या फिर न्यू आगरा, हर ओर वाहनों का शोर ही शोर मचा रहा. जाम के कारण लोगों को कुछ मिनटों का रास्ता घंटों में तय करना पड़ा.स्कूल की छुट्टी होते ही जाम
आगरा के लगभग सभी स्कूलों में छुट्टी का समय दोपहर डेढ़ बजे से ढाई बजे के बीच ही है. ऐसे में जब स्कूलों की छुट्टी हुई तो शहर की सड़कों पर जाम लग गया. देहली गेट तो पूरी तरह से ब्लॉक ही रहा. यहां हरीपर्वत जाने वाली लेन पहले से ही बंद है ऐसे में एक ही लेन से वाहनों का ज्यादा आवागमन होने पर जाम लग गया. बड़े वाहनों को इसके कारण बाबू गुलाबराय मार्ग से निकाला गया लेकिन यहां भी स्थिति विकराल हो गई.
एसएन मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंसों का शोर
एसएन मेडिकल कॉलेज में भी जाम बुरी तरह से रहा. नूरी दरवाजा से मोती कटरा की ओर जाने वाला एसएन मेडिकल कॉलेज रोड तो करीब एक घंटे तक ब्लॉक रहा. मेडिकल कॉलेज के अंदर से होकर जाने वाला मार्ग निर्माण कार्य के चलते बंद है. ऐसे में यहां भी स्थिति विकट हो गई. अस्पताल के अंदर से आने वाली एंबुलेंसें शोर मचाती रहीं. मेडिकल कॉलेज की सिक्योरिटी ने भी जाम खुलवाने के प्रयास किए लेकिन उसमें भी पसीने छूट गए.
सबसे अधिक हाल बेहाल एमजी रोड का रहा. मेट्रो कंस्ट्रक्शन के काम के कारण पहले से ही एमजी रोड बुरी तरह से फंसा हुआ है. आज दोपहर में यहां जाम की स्थिति सबसे अधिक खराब रही. भगवान टाकीज चौराहे से लेकर नालबंद चौराहे तक जाम ही जाम रहा. सेंट जॉन्स से राजा की मंडी जाने के लिए 20 से 25 मिनट तक जाम से जूझना पड़ गया.