आगरालीक्स…आगरा के बोदला राहुल नगर में गूंजा “प्लास्टिक छोड़ो–पर्यावरण जोड़ो” का संदेश. अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी का अनूठा अभियान
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी, आगरा द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर बोदला राहुल नगर में व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग का संकल्प दिलाया गया। उपस्थित लोगों ने "प्लास्टिक छोड़ो–पर्यावरण जोड़ो" और "स्वच्छ पर्यावरण–स्वस्थ जीवन" का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन शर्मा ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज पृथ्वी, जल स्रोतों, पशु-पक्षियों तथा मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बन चुका है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी दैनिक आदतों में बदलाव लाते हुए प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग बंद कर कपड़े अथवा जूट के थैले अपनाए, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है और इसके लिए जनभागीदारी सबसे प्रभावी माध्यम है। संदीप यादव, विधायक शर्मा एवं रवि थापा ने संयुक्त रूप से कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक संस्था या सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति यदि प्लास्टिक के उपयोग को कम कर पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाए और दूसरों को भी प्रेरित करे, तो प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
सैफ अली अब्बास ने एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार करने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राहुल चौधरी ने कहा कि जागरूकता तभी सफल होगी जब वह लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाए। शिवम प्रजापति ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, जबकि ताहिर अब्बास ने प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करने, कपड़े एवं जूट के थैलों को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जनजागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम में डॉ. मदन मोहन शर्मा (अध्यक्ष, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी), संदीप यादव, विधायक शर्मा, रवि थापा, सैफ अली अब्बास, राहुल चौधरी, शिवम प्रजापति, ताहिर अब्बास, समीर, पप्पू, जीशान अल्वी, जीतू लोधी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।