आगरालीक्स…आगरा के युवक का ससुराल में कत्ल. चार महीने पहले गैर धर्म की युवती से किया था प्रेम विवाह. पहली बार ससुराल गया था…पुलिस ने हत्यारोपी साले को मुठभेड़ में पकड़ा. सास, ससुर और साली भी अरेस्ट
आगरा के एक युवक ने चार महीने पहले फिरोजाबाद की रहने वाली गैर धर्म की युवती से प्रेम विवाह किया था. युवक पहली बार अपनी ससुराल गया था लेकिन यहां ससुरालियों ने हैवानियत का नजारा पेश किया और युवक की बेहरमी से हत्या कर दी. पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी साले को मुठभेड़ में अरेस्ट किया है. इसके बाद मृतक की सास, ससुर और साली को भी पकड़ लिया है. एक आरोपी की तलाश जारी है.जानें पूरा मामला
आगरा में बरहन के खांडा में देवेश शर्मा रहता था. देवेश ने चार महीने पहले फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ के छपरिया मोहल्ले की रहने वाली 22 साल की युवती भोली से प्रेम विवाह किया था. युवती गैर धर्म की थी. शादी के बाद वह उसे लेकर गुड़गांव रहने लगा और वहां हलवाई का काम करने लगा. बुधवार की रात को ससुरालियों ने साजिश के तहत दोनों को झांसा देकर बुलाया. गुरुवार रात 8 बजे साले समीर ने देवेश को शराब पिलाई और इसके बाद घर से करीब 150 मीटर दूर बिलाल मस्जिद के सामने अपने पिता हुसैन मोहम्मद, मां नगीना देवी और बहन मुस्कार व दोस्त सैफ निवासी आकाशवाणी रोड, रामगढ़ के साथ मिलकर बेरहमी से पीटा. इसके बाद नगीना के दुपट्टे से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी और घर में ताला डालकर भाग गए. इस दौरान देवेश की पत्नी भोली पति को बचाने की गुहार लगाती रही.
रात करीब साढ़े 8 बजे पुलिस को इस मामले की सूचना मिली. पुलिस ने शुक्रवार सुबह ही मुख्य आरोपी समीर को हसमतनगर गड्ढा क्षेत्र में जाकर घेर लिया. लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में समीर के पैर में गोली मारी जिससे वह गिरकर घायल हो गया. पुलिस ने उसे दबोचकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया. इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को दोपहर में पिता हुसैन मोहम्मद, मां नगीना और बहन मुस्कान को भी अरेस्ट कर लिया. सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.