आगरालीक्स…फतेहपुर सीकरी के शाही तालाब में संविदा कर्मी की डूबने से मौत. 10 बजे घर से निकले थे और 11 बजे तालाब में मिली लाश
कस्बे के ग्वालियर दरवाजे के बाहर स्थित प्राचीन शाही तालाब में बुधवार को नगर पालिका के एक संविदा कर्मी की डूब कर मौत होने का मामला सामने आया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकालकर सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहल्ला गौरपाड़ा निवासी विनोद पुत्र कांता के रूप में हुई है। वह नगर पालिका में संविदा पर तैनात था।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सीकरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विनोद को तालाब से बाहर निकालकर सीएचसी ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।वही जानकारी होते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, परिजनों ने बताया कि विनोद सुबह करीब 10 बजे के बाद घर से निकला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।