आगरालीक्स…आगरा में बुजुर्ग महिला नाले में गिरी. रातभर पड़ी रही, सुबह लोगों ने देखी लाश. दुख की बात ये अकेली रहती थी, कोई नहीं था तलाश करने वाला…
आगरा में एक दुखभरी खबर सामने आई है. थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित चिम्मनलाल का बाड़ा में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला घर के सामने बने नाले में गिर गईं. रातभर नाले में गिरी रहीं और सुबह लोगों ने उनका शव पड़ा देखा. इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
अकेली रहती थी बुजुर्ग महिला
मृतक महिला का नाम 69 वर्षीय शीला देवी था. लोगों के अनुसार शीला देवी यहां अकेली रहती थी. इनकी एक बेटी है जिसका विवाह हो चुका है और वह अपने ससुराल में रहती है. इनके घर के सामने नाले पर आवागमन के लिए सीढ़ियां रखी हुई हैं. आशंका है कि मंगलवार रात को किसी समय सीढ़ी से गुजरते समय पैर फिसला और शीला देवी नाले में गिर गईं. गंभीर चोट और बुजुर्ग होने के चलते वह रातभर नाले में पड़ी रही जिससे उनकी मौत हो गई.