आगरालीक्स….आगरा में अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि पर लगा रक्तदान शिविर. 36 रक्तदाताओं ने किया महादान, सर्वश्रेष्ठ रक्तदानी अवार्ड से हुए सम्मानित
स्वतंत्रता सेनानी और अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को ताजनगरी में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक में आगरा महानगर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और ‘आगरा अपडेट डिजिटल इंफो मीडिया’ के विशेष सहयोग से आयोजित इस शिविर का विधिवत शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस पुनीत आयोजन में शहरवासियों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 36 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। आयोजकों द्वारा सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ रक्तदानी अवार्ड’ और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। अमर शहीद लाला जगत नारायण जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम निस्वार्थ भाव से समाज और मानवता के हित में काम करें। आज युवाओं ने जिस भारी उत्साह के साथ रक्तदान किया है, वह पूरे समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है। आगरा महानगर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव मुकेश कुमार गर्ग ने कहा कि हमारी एसोसिएशन का उद्देश्य केवल अपने व्यवसाय तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाना है। अमर बलिदानी की स्मृति में आयोजित इस शिविर के जरिए हम जरूरतमंदों की जान बचाने का एक प्रयास कर रहे हैं। हम उन सभी 36 रक्तदाताओं के आभारी हैं, जिन्होंने आज इस महादान में अपना हिस्सा दिया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मयंक खंडेलवाल, समाजसेवी देवेंद्र सिंह भदौरिया, निखिल गर्ग, कनिका, अभिनव गोयल, आशीष बिंदुसार और वरिष्ठ पत्रकार बृज भूषण सहित शहर के कई गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे और उन्होंने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया।