आगरालीक्स…आगरा में मेले से लापता हुई किशोरी. रातभर परिजन तलाशते रहे, सुबह इस हाल में मिली लाश
आगरा में एक नाबालिग लड़की की लाश खेत पर मौजूद पेड़ पर लटकी मिली. लाश मिलने से सनसनी फैल गई, क्योंकि यह किशोरी रातभर से लापता थी. वह मेले में गई थी और अचानक लापता हो गई थी. रातभर परिजन उसे तलाशते रहे लेकिन सुबह उसकी लाश मिली. सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है
घटना थाना सैंया क्षेत्र के ग्राम नदीम की है. परिजनों के अनुसार, लड़की रविवार शाम पुराने बाबू महाराज के मेले में गई थी. मेले के दौरान वह अचानक लापता हो गई. परिजनों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर देर रात तक खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका. सोमवार सुबह दोबारा तलाश के दौरान लड़की पेड़ से लटकी मिली. सूचना पर थाना सैंया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.