आगरालीक्स…आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस सेवा दिवस के रूप में मनाएंगे जनप्रतिनिधि और प्रशासन. 13 दिन तक फल वितरण, रक्तदान शिविर जैसे होंगे आयोजन. प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने की समीक्षा
आगरा में सोमवार को प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने जनप्रतिनिधियों के साथ सेवा संकल्प अभियान 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक् सर्किट हाउस में की. बैठक में उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 31 दिवसीय अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार दायित्व, नोडल अधिकारियों, स्थल चयन, कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनसहभागिता की तैयारियों की समीक्षा की गई. बैठक में “सेवा संकल्प अभियान-2026” हेतु नोडल अधिकारी सीडीओ प्रतिभा सिंह जी द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रत्येक कार्यक्रम की तिथि, समय, स्थल, नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी, संबंधित विभाग आदि की समेकित कार्ययोजना प्रस्तुत की. प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है. अभियान में केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं प्रदेश सरकार के 10 वर्षों की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक उपलब्धियों, लाभार्थियों एवं परिवर्तनकारी कार्यों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करने,प्रमाणिक डेटा संकलित करने तथा डिजिटल माध्यम से प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना भी शामिल है.
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में “सेवा संकल्प अभियान-2026″का शुभारंभ होगा जिसके अंतर्गत”आशीर्वाद का दीया”थीम पर जनपद के प्रमुख विकास एवं अवस्थापना स्थलों, पंचायतघर विभिन्न सामूहिक स्थलों पर सायं 7 बजे दीप प्रज्वलन किया जाएगा. बैठक में बताया गया कि जनपद के कैलाश मंदिर घाट पर 15 हजार, बटेश्वर मंदिर कॉरिडोर स्थल पर 15 हजार, यमुना आरती स्थल पर यमुना किनारा पर 15 हजार, पालीवाल पार्क में 10 हजार, शहीद स्मारक पर 10 हजार, बल्केश्वर मंदिर पर घाट पर 10 हजार, रामबाग यमुना घाट पर 10 हजार, फतेहपुर सीकरी किला पर 10 हजार, अटल आवासीय विद्यालय फतेहपुर सीकरी पर 10हजार, सती माता मंदिर फतेहाबाद एवं गीत गोविंद वाटिका स्थल पर दीयों का प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम संपन्न होगा. अस्पतालों में ब्लड डोनेशन कैंप, फल वितरण, तथा उसी दिन विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण का कार्यक्रम किया जाएगा.
मा.जनपद प्रभारी मंत्री महोदय ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सभी कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए.
विद्यार्थियों से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक होंगे कार्यक्रम
‘मेरे सपनों का भारत’ के अंतर्गत विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्राइंग, भाषण एवं डिबेट प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी तथा श्रेष्ठ प्रविष्टियों की प्रदर्शनी कराई जाएगी. 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय आयोजन, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान, पोषण-स्वास्थ्य जागरूकता, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता तथा बच्चों को उपयोगी सामग्री वितरण किया जाएगा.
लाभार्थी कहानियां, सेवा गतिविधियां और सेवा शिविर होंगे अभियान का प्रमुख हिस्सा
‘सेवा की कहानी’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों पर रील एवं डिजिटल कंटेंट तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स को अभियान से जोड़ा जाएगा. ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, वृद्धाश्रम एवं अनाथालय सेवा, नशामुक्ति, पोषण, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग, गौशाला सेवा सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी कराई जाएगी.