आगरालीक्स…आगरा में 21 साल के युवक का एक्सीडेंट के बाद हाथ ने काम करना कर दिया था बंद. एसएन मेडिकल कॉलेज में हुई जटिल ब्रैकियल प्लेक्सस नर्व ट्रांसफर सर्जरी.
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में जटिल से जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक किया जा रहा है. ऐसी ही एक दुर्लभ ब्रैकियल प्लेक्सस नर्व ट्रांसफर सर्जरी प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा की गई है.इस जटिल माइक्रोसर्जिकल प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मरीज के कंधे की हाथ को बाहर की ओर उठाने की क्षमता को पुनः प्राप्त करने में मदद करना है.
21 वर्षीय तुलाराम दो माह पूर्व एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उनके दाहिने हाथ की कार्यक्षमता पूरी तरह प्रभावित हो गई थी. चिकित्सीय जांच में दाहिने ब्रैकियल प्लेक्सस इंजरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने नर्व ट्रांसफर तकनीक द्वारा कंधे की गतिविधि बहाल करने की योजना बनाई.
यह जटिल सर्जरी प्लास्टिक सर्जरी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्रीप्रिया पीपी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रणय सिंह चकोटिया के नेतृत्व में की गई। इस प्सर्जरी में रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. अर्पिता एवं डॉ. मोहित ने सहयोग दिया. वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अमृता गुप्ता, डॉ. दीपिका चौबे एवं डॉ. विनिता लिप्टन शामिल रहीं. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा, ” हमारी मेडिकल कॉलेज की टीम लगातार मरीजों को उन्नत एवं उच्च स्तरीय चिकित्सीय सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है.” सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पूर्णतः संतोषजनक है.