आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा में आज से घर बैठे कीजिए स्व—गणना. आनलाइन पोर्टल पर स्वगणना के लिए 30 नवंबर तक मिलेगा मौका. डीएम ने स्वयं स्वगणना कर की शुरुआत. लोगों से की ये अपील
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को लेकर आगरा में स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई है. जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्वंय आनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर इसकी शुरुआत की. अभियान के पहले दिन कलेक्ट्रेट सहित राजस्व विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्व-गणना की गई। तहसीलों, राजस्व न्यायालयों, चकबंदी कार्यालयों एवं राजस्व विभाग के अन्य संस्थानों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक स्व-गणना प्रक्रिया में प्रतिभाग किया.
घर बैठे 30 नवंबर तक करें स्वगणना
स्व-गणना के लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर सुविधा उपलब्ध रहेगी. परिवार का कोई भी सदस्य मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकता है. इस प्रक्रिया में निर्धारित प्रश्नावली के अंतर्गत कुल 40 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे. स्व-गणना के दौरान परिवार एवं उसके सदस्यों से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक जानकारियां दर्ज की जाएंगी. ऑनलाइन विवरण सफलतापूर्वक सबमिट करने के उपरांत पोर्टल से एक विशिष्ट सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है.
1 दिसंबर से घर’घर आएंगे प्रगणक
स्व-गणना के उपरांत 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा. इस दौरान स्व-गणना करने वाले परिवारों की जानकारी का सत्यापन भी किया जाएगा. परिवारों को अपनी एसई आईडी प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी, जिससे ऑनलाइन दर्ज विवरण का मिलान एवं सत्यापन किया जा सकेगा. जिन परिवारों द्वारा स्व-गणना नहीं की जाएगी, उनके यहां भी प्रगणकों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार घर-घर जाकर जानकारी एकत्र की जाएगी.
डीएम ने जनपदवासियों से की अपील
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए तथा जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, विभिन्न विभागों एवं मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपने परिवार के साथ स्व-गणना करने तथा इसकी जानकारी एवं फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से साझा कर अन्य नागरिकों को प्रेरित करने की अपील की तथा राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अभियान संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल पर अपने परिवार की स्व-गणना अवश्य करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कर जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनें.