आगरालीक्स…आगरा में विवाहिता की मौत. सात महीने पहले हई थी शादी. लाश छोड़कर भाग गए ससुराली
आगरा में एक विवाहिता घर में फंदे से लटकी मिली है. उसकी शादी सात महीने पहले ही हुई थी. मायके वालों का कहना है कि बाइक की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया जा रहा था और अब उसकी हत्या कर दी गई है. भाई ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उसकी बहन की हत्या कर फंदे से लटका दिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
ससुराली हुए फरार
बासौनी के बघरेना गांव के रहने वाले विनय की शादी 19 अप्रैल को मंसुखपुरा के करकौली गांव की रहने वाली शिखा के साथ हुई थी. शिखा के भाई राहुल ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराली बाइक की मांग कर रहे थे और इसके लिए शिखा का उत्पीड़न किया जा रहा था. कई बार मारपीट किए जाने पर भाई ने ससुरालियों को समझाने के लिए पंचायत भी की लेकिन बहन का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ.
भाई राहुल ने बताया कि सोमवार को उसकी बहन की मौत की सूचना मिली. जब वह बहन के ससुराल पहुंचा तो सभी ससुराली घर से फरार थे. शिखा के गले में साड़ी की रस्सी का फंदा कसा था. पंखे के हुक से रस्सी बंधी थी और शिखा के घुटने बिस्तर पर टिके थे. भाई ने आरोप लगाया कि शिखा की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसे फंदे पर लटका कर ससुराली भाग गए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. जांच की जा रही है.