आगरालीक्स…आगरा में 12 बेटियों की होगी एक साथ शादी. 30 नवंबर को सर्वजातीय सरल सामूहिक विवाह…
समाज में दहेज प्रथा जैसी कुरीति को समाप्त करने और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक बेटियों का विवाह कराने में सहयोग देने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद अन्नपूर्णा शाखा द्वारा 30 नवंबर को 12 कन्याओं का सर्वजातीय सरल सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर शुक्रवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय प्रकल्प सदस्य एड वसंत गुप्ता ने आमंत्रण पत्र का विमोचन कर आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर एड वसंत गुप्ता ने कहा कि अन्नपूर्णा शाखा द्वारा 12 कन्याओं के सामूहिक विवाह का यह पहला आयोजन है, लेकिन शाखा अपनी स्थापना के समय से ही समाजसेवा और जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रही है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन न केवल जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और दहेजमुक्त विवाह की सकारात्मक परंपरा को भी प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम अध्यक्ष एवं संरक्षक नैम कुमार जैन ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि विवाह समारोह से पूर्व 29 नवंबर को फतेहाबाद रोड स्थित हेवन्स गार्डन में शाम 6 बजे से मेहंदी एवं संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें 12 जोड़ों के विवाह की खुशियों को पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम समन्वयक धर्म गोपाल मित्तल ने बताया कि 30 नवंबर को सुबह 10 बजे फतेहाबाद रोड स्थित द ग्रैंड मार्किस में 12 कन्याओं का सर्वजातीय सरल सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज को दहेज रहित विवाह के लिए प्रेरित करना है। सामूहिक विवाह के माध्यम से विभिन्न जातियों और वर्गों के परिवारों को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा का संदेश दिया जाएगा। संस्था का प्रयास है कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को अनावश्यक आडंबर और आर्थिक बोझ से मुक्त रखते हुए गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में कार्यक्रम सह समन्वयक विनय गोयल एवं दिनेश सिंघल, शाखा अध्यक्ष आशीष बंसल, सचिव गौरव मित्तल, कोषाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल, व्यवस्था प्रमुख डब्बू अग्रवाल, मनोज वर्मा, निशित अग्रवाल, गुंजन अग्रवाल, गौरव गर्ग, मिथुन गर्ग, राजू शर्मा, अखिल अग्रवाल, संजय बंसल, मुकुल अग्रवाल, विष्णु गोयल, अंकित खंडेलवाल आदि उपस्थित रहे।