आगरालीक्स…पितरों के नक्षत्र मघा में गुरु का गोचर, पिता और पूर्वजों से जुड़े विषय आएंगे चर्चा में…12 राशियों पर क्या होगा इसका प्रभाव ज्योतिषाचार्य अंशु पारीक से जानिए पूरी जानकारी
बृहस्पति को देवगुरु कहा जाता है। यह ज्ञान, धर्म, शिक्षा, संतान, गुरु, सलाह, न्याय और संस्कारों का कारक ग्रह है। वर्तमान में बृहस्पति सिंह राशि के मघा नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। मघा को पितरों का नक्षत्र माना जाता है। इसका संबंध पूर्वजों, वंश, कुल-परंपरा, पिता, पैतृक संपत्ति, पद-प्रतिष्ठा और अधिकार से है। गुरु का मघा नक्षत्र में प्रवेश से पितरों से जुड़े विषय, पारिवारिक विरासत, पिता के सम्मान और पुरानी पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर लोगों का ध्यान बढ़ सकता है।
कब तक रहेगा गुरु का मघा नक्षत्र में गोचर
द्रिक पंचांग के अनुसार गुरु ने 31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर मघा नक्षत्र में प्रवेश किया है। 13 दिसंबर को गुरु वक्री होंगे। इसके बाद 25 जनवरी 2027 को रात 12 बजकर 52 मिनट पर गुरु वक्री गति से मघा छोड़कर पुनः आश्लेषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। बाद में 26 जून 2027 को गुरु दोबारा मघा में आएंगे। इस प्रकार फिलहाल मघा में गुरु का पहला चरण लगभग तीन महीने का रहेगा। मघा नक्षत्र के स्वामी केतु हैं। इसलिए गुरु के ज्ञान और धर्म के साथ केतु के आध्यात्मिक, वैराग्य और पूर्वजों से जुड़े संकेत भी जुड़ते हैं। इसे पारिवारिक परंपराओं की समीक्षा, पितरों के प्रति कर्तव्य और पुरानी जिम्मेदारियों को समझने का समय माना जा सकता है।
12 राशियों पर प्रभाव
मेष: संतान की शिक्षा, प्रतियोगिता और रचनात्मक कार्यों में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं। धार्मिक कार्यों और पूर्वजों के संस्कारों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
वृषभ: मकान, वाहन, भूमि और पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में सकारात्मक पहल हो सकती है। माता-पिता के सुख और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर ध्यान रहेगा।
मिथुन: पराक्रम, संचार और संपर्क बढ़ाने के अवसर 2मिलेंगे। पिता या बड़े भाई-बहनों से किसी पुराने विषय पर चर्चा हो सकती है।
कर्क: धन संचय, परिवार और वाणी से जुड़े मामलों में सुधार के अवसर बन सकते हैं। पैतृक संपत्ति या पारिवारिक विरासत के विषय सामने आ सकते हैं।
सिंह: आत्मविश्वास, प्रतिष्ठा और सामाजिक पहचान बढ़ाने का समय है। पिता या परिवार के वरिष्ठ सदस्यों से मार्गदर्शन मिल सकता है। अहंकार से बचना होगा।
कन्या: धार्मिक कार्यों, दान-पुण्य और आध्यात्मिक चिंतन की ओर रुझान बढ़ सकता है। पुराने पारिवारिक विषयों को लेकर मन में विचार रहेंगे।
तुला: आय, लाभ और सामाजिक संपर्कों में वृद्धि के अवसर मिल सकते हैं। परिवार के बुजुर्गों के अनुभव से लाभ होगा।
वृश्चिक: कार्यक्षेत्र में पद और प्रतिष्ठा बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं। पिता या वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिल सकता है।
धनु: भाग्य, धर्म, उच्च शिक्षा और लंबी यात्राओं के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। पितरों के प्रति श्रद्धा और धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी।
मकर: पैतृक संपत्ति, उत्तराधिकार और अचानक सामने आने वाली पारिवारिक जिम्मेदारियों पर ध्यान देना होगा। आर्थिक निर्णय सोच-समझकर लें।
कुंभ: विवाह, साझेदारी और सामाजिक संबंधों में महत्वपूर्ण बदलाव आ सकते हैं। जीवनसाथी के परिवार और बुजुर्गों से जुड़े विषय प्रमुख रहेंगे।
मीन: नौकरी, सेवा और प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं। परिवार की पुरानी जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करने का समय है।