आगरालीक्स… ब्रज की होली में दाऊजी के हुरंगा में कपडों से बने कोडों से हुरियारों पर बौछार की, कोडों की तेज आवाज मंदिर परिसर में गूंजती रही, रसिया गान के साथ ही हुरियारे और हुरियारिनों ने डांस किया। होली के गीतों पर ढोल की थाप के साथ हुरियारे और हुरियारिनों ने डांस किया।
शनिवार को दाऊजी, बलदेव मंदिर के जगमोहन में सुबह से ही स्थानीय लोगों के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। यहां हुरंगे के लिए हुरियारे और हुरियारिन भी जगमोहन में जुटे हुए थे। हुरंगे का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ध्वजा पूजन करके किया। इसके बाद वे समाज गायन में बैठे तो ढप बजाने के साथ ही उन्होंने चौपाई गायन भी किया। इसके बाद शुरू हुए हुरंगे में हुरियारो ने हुरियारिनों पर रंगों की बौछार शुरू की तो हुरियारिनों ने हुरंगों के कपड़े फाड़कर उनसे कोड़े बनाकर हुरियारों पर कोड़ों की बौछार की। इस दौरान जगमोहन की तीनों मंजिलों पर भीड़ उमड पडी। मंदिर परिसर में चहुंओर टेसू का रंग बिखरा नजर आ रहा था। वहीं मंदिर की छजलियों पर लगे फब्वारों से भी लगातार रंगों की बौछार हो रही थी।