आगरालीक्स.. बीटेक और एमबीए सहित अन्य कोर्स के लिए आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा 2018 का रिजल्ट जारी कर दिया गया। इस बार 300 टॉपर्स को लैपटाप वितरित किए जाएंगे। आगरा के भी अभ्यर्थियों के 100 टॉपर्स में नाम शामिल हैं। 25 जून से काउंसलिंग प्रक्रिया की शुरुआत होगी। इस बार काउंसलिंग प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहले चरण की काउंसलिंग पूरी होने के बाद 29 और 30 जुलाई को सरकारी संस्थानों की बची हुई सीटों पर स्पॉट काउंसलिंग होगी।
बीटेक प्रवेश परीक्षा में मेरठ के अक्षज बंसल को चौथा, गाजियाबाद के पारस मल्ली को पांचवां, कानपुर के निश्चल त्रिपाठी को छठवां, गौतमबुद्धनगर के अमोख वर्मा को सातवां, गोरखपुर की नंदिनी जालान को आठवां, गाजियाबाद के प्रशांत मिश्रा को नौवां व कानपुर के उत्कर्ष गुप्ता को दसवां स्थान मिला है। बीआर्क में गाजियाबाद के कार्तिकेय सिंह को पहला और राजधानी लखनऊ की इशिका सिंह को प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है, जबकि बीफार्मा की प्रवेश परीक्षा में भी गाजियाबाद के कार्तिकेय सिंह को पहला स्थान मिला है। बीफार्मा में दूसरा स्थान मुजफ्फरनगर के लुइस को दूसरा व मानसी अग्रवाल को तीसरा स्थान मिला है।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि प्रवेश परीक्षा बीटेक, बीआर्क, बीडेस, बीफार्म, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, बीएएफ, एमबीए, एमबीए(इंटीग्रेटेड), एमसीए, एमसीए (इंटीग्रेटेड)व बीटेक, बीफार्म(लेटरल एंट्री) के लिए आयोजित हुई थी। प्रवेश परीक्षा में कुल एक लाख 56 हजार 452 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें से एक लाख 43 हजार 551 अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।
597 संस्थानों के लिए आयोजित हुई परीक्षा-
एकेटीयू से प्रदेश भर में 597 संस्थान संबद्ध हैं, जिनमें मैनेजमेंट व इंजीनियरिंग की कुल सीटें लगभग एक लाख 47 हजार हैं। यूपीएसईई के जरिए ही ये सीटें भरी जाएंगी। हालांकि जो सीटें खाली रहेंगी, उनको भरने के लिए सीधी प्रवेश प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।