आगरालीक्स… आगरा में ज्वैलर की कोठी में चोर घुस गए, एक एक कमरे से लेकर गुल्लक को भी खंगाला, ज्वैलरी, चांदी और लाखों का कैश चोर ले गए। पुलिस छानबीन में जुटी है।
आगरा के कोतवाली थाना क्षेत्र में माईथान गुरुद्वारे के पास ज्वैलर गिरधारी लाल वर्मा की कोठी है, वे शुक्रवार को भरतपुर परिवार के साथ गए थे। शनिवार सुबह लौटे तो होश उड गए, तीन मंजिला कोठी के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी और गुल्लक भी टूटी हुई थी। घनी बस्ती में चोरी की घटना की जानकारी होने पर पुलिस डॉग स्क्वाइड के साथ पहुंच गई।
5 लाख कैश सहित ज्वैलरी ले गए, कई घंटे खंगाले कमरे
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोर घर से 12 किलो चांदी , आधा किलो सोने की ज्वैलरी और 5 लाख कैश ले गए। घर के कमरों में सामान बिखरा पडा था। जिस तरह से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, इससे आशंका है कि चोर कई घंटे कोठी में रहे, एक एक कमरे में अलमारी को खंगाला। पुलिस को आशंका है कि रेकी के बाद चोरी की गई है।
11 फरवरी को कैश चोरी
11 फरवरी 2018 को आगरा के एक बडे होटल से दुल्हन की मां का कैश से भरा हुआ बैग चोरी हो गया है। बैग में दो लाख रुपये और ज्वैलरी थी, होटल के स्टाफ पर चोरी की आशंका व्यक्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इलाहाबाद निवासी गीता पांडेय सरकारी स्कूल में टीचर हैं। शनिवार को उनकी बेटी वेदिका पांडेय की शादी थी। होटल में समारोह के दौरान उनका बैग चोरी हो गया। बैग उड़ते ही दुल्हन की मां के होश उड़ गए। परिजन चोर की तलाश में जुट गए। सीसीटीवी कैमरे देखे गए मगर चोर का कोई सुराग नहीं मिला। ताजगंज थाने में तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा लिखाया गया है।
आठ फरवरी को हुआ था बैग चोरी
कारोबारी दीनदयाल गर्ग की बेटी पायल की शादी गुरुवार को एमडी जैन इंटर कॉलेज हरीपर्वत में थी। शादी समारोह के बाद हॉल में फेरे की रस्म हो रही थी। सभी रिश्तेदार हॉल में ही थे। दीनदयाल अपने भाई संजय गर्ग के साथ पीछे सोफे पर बैठे थे। तड़के करीब 3.10 मिनट पर कन्यादान की रस्म हुई। वह कन्यादान करने के लिए मंडप में चल दिए। बैग भाई के पास ही रख गए। कन्यादान करके लौटे, तो बैग गायब था। उन्होंने भाई से पूछा। भाई ने बताया कि झपकी लग गई थी। उन्हें नहीं मालूम कि बैग कहां गया। बैग चोरी होने से अफरातफरी मच गई। हर कोई बैग तलाशने लगा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसलिए शादी के दौरान की गई वीडियो रिकार्डिंग चेक की गई। हॉल के अंदर एक व्यक्ति संदिग्ध नजर आया। कारोबारी ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बैग में दो लाख रुपये और समारोह में मिले करीब तीन सौ लिफाफे रखे होना बताया है। थाना हरीपर्वत प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है।