आगरालीक्स.. हर तरफ से आवाज आ रही है रेप करने वालों को फांसी दी जाए, इन हालात में आगरा में रेप करने वाले को छोडने की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई, पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।
आगरा के खंदौली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ गांव के ही दबंग परिवार के युवक ने शुक्रवार को रेप कर दिया, बदहवास किशोरी को लेकर परिजन थाने पहुंचे,मीडिया रिपोर्ट के अनुसार थाने में किशोरी को लेकर परिजनों के पहुंचते ही दूसरा पक्ष भी पहुंच गया। उन्होंने गांव का आपसी मामला बताते हुआ कहा कि पहले गांव में पंचायत की जाएगी। इस पर पुलिस ने पीडित किशोरी और उसके परिजनों को गांव लौटा दिया।
पंचों ने लगाया 50 हजार जुर्माना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को गांव में पंचायत हुई, पंचायत में दबंग परिवार के युवक द्वारा दलित किशोरी से रेप करने पर डांट लगाई गई। इसके बाद पंचों ने निर्णय लिया कि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, आरोपी पक्ष द्वारा पीडित किशोरी के परिजनों को 50000 रुपये देने होंगे। इस पर आरोपी पक्ष तैयार हो गया, पीडित पक्ष कमजोर था इसलिए उसकी बात नहीं सुनी गई।
किशोरी का नहीं कराया मेडिकल
पीडित पक्ष का कहना है कि वे गांव में आर्थिक रुप से कमजोर हैं, दूसरा पक्ष दबंग है। उनके सामने कुछ नहीं कह सकते हैं, इसलिए शुक्रवार को ही बेटी को लेकर थाने गए थे। वहां गांव के दबंग आ गए, हमने मेडिकल कराने के लिए कहा लेकिन किसी ने नहीं सुनी और लौटा दिया। इस मामले में खंदौली थाना के प्रभारी प्रशांत त्यागी का कहना है कि गांव में दो परिवारों के बीच विवाद की बात सामने आई थी। रेप की तहरीर नहीं मिली। इस कारण कोई कार्रवाई नहीं की। सीओ अतुल कुमार सोनकर का कहना है कि किशोरी से रेप के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर पीड़ित की तहरीर मिलेगी, तो कार्रवाई की जाएगी।