आगरा में अवैध रुप से चल रहे हॉस्पिटल में आईएमए, यूपी के पूर्व अध्यक्ष का नाम
आगरालीक्स… आगरा में बडी कार्रवाई, अवैध रुप से चल रहे हॉस्पिटल में आईएमए, यूपी के पूर्व अध्यक्ष का नाम सामने आने से खलबली, दो हॉस्पिटल और एक क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को छापेमार कार्रवाई की। टीम के प्रभारी डॉ नंदन सिंह ने बताया कि माहेश्वरी हॉस्पिटल, नाई की सराय थाना एत्माउददौला में चार मरीज भर्ती थे। महिला मरीज का बच्चेदानी और एक बच्चे का हर्निया का आॅपरेशन किया गया था। इस हॉस्पिटल का पंजीकरण नहीं था, हॉस्पिटल में मौजूद डॉ हरेंद्र गुप्ता ने बताया कि वे आईएमए, यूपी के पूर्व अध्यक्ष हैं, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन घुमाए जिससे कार्रवाई ना हो सके। डीएम एनजी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना पंजीकरण के चल रहे माहेश्वरी हॉस्पिटल को सील कर दिया है और मरीजों को दूसरे हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया।

झोलाछाप कर रहा इलाज, 100 किलो मिला मेडिकल वेस्ट
डॉ नंदन सिंह ने बताया कि जन सेवा चिकित्सालय, कुबेरपुर का पंजीकरण आयुर्वेदिक अधिकारी के यहां डॉ अनिल कुलश्रेष्ठ के नाम से था। लेकिन यहां इलाज डीपी यादव कर रहा था, उसके पास कोई डिग्री नहीं था। हॉस्पिटल में छह मरीज भर्ती थे, इसे सील कर दिया है, मरीजों को दूसरे हॉस्पिटल भेज दिया गया। इसके साथ ही लक्ष्मी क्लीनिक, नाई की सराय को भी सील किया गया है।