आगरालीक्स …आगरा में मोबाइल से बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से छात्रा की मौत, छात्रा के शव से ट्रेन निकलतीं रहीं। छात्रा से मिले कोचिंग की किताब से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई, हादसे से कोहराम मचा हुआ है।
आगरा के केआर नगर निवासी पूनम (25) पुत्री रिटायर सूबेदार सरनाम सिंह एसएससी की तैयारी कर रही थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वो शुक्रवार की सुबह किसी काम से आवास विकास कालोनी के सेक्टर 16 गई थी। दोपहर 12 बजे घर आ रही थी।
मोबाइल से बात करते समय रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा
पूनम गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास स्थित सिनर्जी हास्पिटल के सामने रेलवे लाइन पार कर रही थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा अजय कौशल के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पूनम मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे लाइन पार कर रही थी। इस कारण उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी। जब तक उसे बचा पाते तब तक वह ट्रेन की चपेट में आ गई।
15 मिनट तक ट्रैक पर पडा रहा शव, निकलती रही ट्रेनें
आगरा दिल्ली रेलवे मार्ग पर लगातार ट्रेन चलती रहती हैं, हादसे के बाद छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर पडा हुआ था। इसी दौरान ट्रेन आ गई, शव ट्रैक के बीच में था, ट्रेन शव के उपर से गुजर गई , शव ट्रैक पर बीच में था इसलिए क्षत विक्षत नहीं हुआ। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इसलिए हो रहे हादसे, जुटी भीड
गुरु द्वारा गुरु के ताल से आवास विकास कालोनी की ओर जाने के लिए आरओबी के पास से और सिनर्जी हास्पिटल के सामने से रेलवे लाइन पार करते हैं। यहां पर रेलवे लाइन घुमावदार है। कई बार लोगों को ट्रेन की स्पीड का अंदाजा नहीं रहता है। वह ट्रेन की चपेट में आ जाते हैं। वहीं मोबाइल पर बात करते समय ट्रेन की आवाज नहीं सुनने की वजह से हादसे हो जाते हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड लग गई।