आगरालीक्स… आगरा किले में युवती ने सुसाइड नोट दीवार पर चस्पा करने के बाद 40 फीट गहरी खाई में छलांग लगा दी, वह बच गई, यह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
शनिवार शाम को आगरा किले में पर्यटक घूम रहे थे, यहां जहांगीरी महल है,इसके झरोखे खाई की तरफ खुलते हैं। शाम पांच बजे एक युवती अकेले वहां पहुंची। उसने एक झरोखे में अपना बैग रखा। बैग से एक कागज निकालकर उसने दीवार पर चस्पा कर दिया, इसके बाद युवती ने खाई में छलांग लगा दी। खाई में पेड़ लगे हुए हैं। इनमें उलझकर वो नीचे गिरी। पर्यटकों ने शोर मचा दिया, सुरक्षा एजेंसी आ गईं, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 100 नंबर पर फोन किया, लेकिन कोई रिस्पोंस नहीं मिला। इसके बाद किले के सामने बनी पर्यटन पुलिस की चौकी पर संपर्क किया गया। वहां से पहुंचे दो पुलिसकर्मियों के साथ एएसआइकर्मी युवती को खाई में से स्ट्रेचर पर रखकर बाहर लाए। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। युवती के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। इंस्पेक्टर पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि थाना छत्ता क्षेत्र की युवती ने किले की खाई में छलांग लगाई थी। पेड़ों में उलझकर गिरने की वजह से उसकी जान बच गई।
सुसाइड नोट में यह लिखा
युवती ने जहांगीरी महल की दीवार पर जो कागज चिपकाया था, वो सुसाइड नोट था। उसमें युवती ने स्वेच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी थी। घर पर सूचना देने के लिए दो फोन नंबर भी उसने लिखे, लेकिन आत्महत्या करने की वजह उसने नहीं लिखी। उसके परिजन भी इस बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है।