आगरालीक्स ..आगरा में दीपावली से पहले शिक्षा विभाग के अधिकारी को रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध भी किया गया।
आगरा में 23 अक्टूबर को सहायक अध्यापक देवेंद्र कुमार कुशवाहा, अध्यापक प्राथमिक विद्यालय नौफरी विकासखंड बरौली अहीर आगरा ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन आगरा इकाई कार्यालय पर उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें कहा गया कि 29 जुलाई से आठ सितम्बर तक का उनका चिकित्सीय अवकाश स्वीकृत कराने हेतु खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बरौली अहीर पर नियुक्त एबीआरसी हरिओम दुबे द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। इस शिकायत की गोपनीय जांच की गई तो तथ्य सही पाए गए।
रंगे हाथ पकडा
गुरुवार को शिकायतकर्ता द्वारा उक्त एबीआरसी को रिश्वत मांगने पर ट्रैप टीम व स्वतंत्र गवाहों के समक्ष 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में दिए गए। एबीआरसी को रिश्वत के पाउडर लगे 10 हज़ार रुपये सहित उसके कार्यालय से गिरफ्तार किया गया। थाना ताजगंज पर अभियोग पंजीकृत कराया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक महेश चन्द गौतम, टीम प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, निरीक्षक जसपाल पंवार, निरीक्षक शिवराज सिंह, अनीता यादव, संध्या निगम तथा आरक्षी चालक राघवेन्द्र सिंह शामिल रहे।