आगरालीक्स …आगरा में उत्तर प्रदेश पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के कर्मचारी भविष्य निधि में फर्जीवाडा करने के आरोप में बिजली विभाग के अधिकारी पीके गुप्ता अरेस्ट, एक अन्य अधिकारी को लखनऊ से अरेस्ट किया है। शनिवार देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया और कुछ ही देर में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यूपीपीसीएल ट्रस्ट द्वारा कर्मचारियों के भविष्य निधि की धनराशि को बैंक में रखना चाहिए लेकिन मार्च 2017 से दिसंबर 2018 के बीच सरकारी बैंक में न रखकर हाउसिंग फाइनेंस कंपनी दीवान हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (डीएचएफएल) में जमा करा दिया। यह कंपनी अब डूबने के कगार पर है, इससे बिजली विभाग के कर्मचारियों का 16 अरब डूब सकते हैं। पुलिस ने इस मामले में पूर्व निदेशक (वित्त) सुधांशु द्विवेदी को लखनऊ और ट्रस्ट के तत्कालीन सचिव प्रवीण कुमार गुप्ता को आगरा से गिरफ्तार किया है।
ट्रस्ट के सचिव प्रवीण कुमार गुप्ता और तत्कालीन निदेशक (वित्त) सुधांशु द्विवेदी पर आरोप है कि उत्तर प्रदेश स्टेट पावर सेक्टर इम्प्लाइज ट्रस्ट एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन अंशदायी भविष्य निधि ट्रस्ट में जमा कार्मिकों के जीपीएफ व सीपीएफ की धनराशि को निजी संस्था में नियम विरुद्ध निवेश किया।