आगरालीक्स.. आगरा के टॉप टेन सटोरिया डीके को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है, डीके सीए है, बेटा एमबीबीएस कर रहा है, डीके के पेट्रोल पंप और कोल्ड स्टोरेज हैं।
रविवार को एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने मीडिया को बताया कि कि आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 13 स्थित मकान नंबर 290 बी मेंपुलिस और क्राइम ब्रांच ने छापा मारा। पांच जुआरियों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में सेक्टर पांच निवासी देवेंद्र सिंह उर्फ डीके, काजीपाड़ा निवासी आकाश, छीपीटोला स्थित कटरा गढ़रियान निवासी संजीव कुमार, ईदगाह कटघर निवासी चंद्रप्रकाश और ईदगाह स्थित किशनगढ़ निवासी संजय कुमार हैं।
आरोपियों के पास से 60,650 रुपये, ताश की गड्डी, छह मोबाइल और एक आधार कार्ड बरामद हुआ।
टॉप टेन सटोरिये में शामिल डीके है सीए
पुलिस द्वारा अरेस्ट किए गए डीके के पास से आधार कार्ड मिला। उस पर डीके का फोटो लगा था, डीके पर दो मुकदमों की जानकारी मिल गई है। यह थाना शाहगंज और लोहामंडी के हैं। पुलिस ने बताया कि डीके उर्फ देवेंद्र का नाम पुलिस की टॉप टेन सटोरियों की लिस्ट में शामिल है। सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि डीके उर्फ देवेंद्र वर्ष 2000 से सट्टा करा रहा है। वह बीकॉम पास है। इसके बाद सीए भी कर चुका है। उसके दो स्कूल हैं।
शमसाबाद में कोल्ड स्टोरेज भी है। भरतपुर में पेट्रोल पंप भी चला रखा है। डीके का बेटा लखनऊ में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। उसकी करोड़ों की संपत्ति की जानकारी पुलिस को मिली है। अब पुलिस उसकी संपत्ति का ब्योरा निकलवाएगी। इसके बाद संपत्ति को कुर्क किया जाएगा। वह दिल्ली से पर्ची का सट्टा कराता है।