आगरालीक्स …आगरा में पीएनजी और सीएनजी सप्लाई कर रही ग्रीन गैस लिमिटेड पर खुदाई से पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने पर 11 लाख का जुर्माना लगाया है।
आवास विकास कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कई माह से ग्रीन गैस कंपनी गैस लाइनों के लिए खुदाई कर रही है। कंपनी की लापरवाही से जगह-जगह भूमिगत पानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पानी सडकों पर बह रहा है, घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है सर्दी में पानी के लिए लोग परेशान हो रहे हैं।
नोटिस के बाद भी नहीं हुआ सुधार
जलकल जीएम ने 20 नवंबर को ग्रीन गैस के प्रोजेक्ट मैनेजर को नोटिस देते हुए सुधार के निर्देश दिए। कंपनी ने सुधार नहीं किया। 25 दिसंबर को आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-8 में ग्रीन गैस की खुदाई से फिर 24 इंच की राइजिंग मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। 90 हजार किलोलीटर गंगाजल नाली व सड़कों पर बह गया। करीब तीन दिन तक आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र के लाखों लोग पानी के लिए परेशान रहे। इस लापरवाही पर जलकल महाप्रबंधक आरएस यादव ने कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर पर 11,00,500 रुपये जुर्माना लगाया है। इसमें दो लाख रुपये क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों पर हुआ मरम्मत व्यय और 90 हजार किलोलीटर गंगाजल बर्बाद करने पर 9.45 रुपये प्रति किलोलीटर के हिसाब से 8,50,500 रुपये का जुर्माना लगाया है। 24 घंटे से अधिक समय तक जनता को हुई असुविधा पर 50 हजार रुपये अर्थदंड लगाया।