आगरालीक्स ..आगरा में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के लिए 24 फरवरी को स्कूलों की जल्दी छुटटी, बोर्ड परीक्षार्थी एक घंटे बंद रहेंगे और रूट डायवर्जन किया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को पत्नी मेलानिया के साथ ताजमहल का दीदार करेंगे, वे शाम 4 30 बजे एयरफोर्स वन विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर लाएंगे। मगर, सुबह से ही खेरिया से ताजमहल के रास्ते पर कडी सुरक्षा रहेगी, इस क्षेत्र के स्कूलों की जल्दी छुटटी करने के निर्देश दिए गए हैं। यूपी बोर्ड की दूसरी पाली की परीक्षा शाम सवा पांच बजे खत्म होगी। इस दौरान ताजगंज क्षेत्र में रास्ते बंद होंगे।
इसके कारण ताजगंज क्षेत्र के छह परीक्षा केंद्रों के परीक्षार्थियों को करीब एक घंटा अपने परीक्षा केंद्र में ही बिताना होगा।
यह सेंटर होंगे प्रभावित
- प्रतापपुरा स्थित डीबी संतोष सिंह खालसा इंटर कॉलेज।
- माल रोड स्थित बीडी जैन गल्र्स इंटर कॉलेज।
- ताजगंज स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज।
- आगरा कैंट स्थित जॉय हैरिस गर्ल्स इंटर कॉलेज।
- सुल्तानपुरा स्थित एनसी वैदिक इंटर कॉलेज
24 के लिए रूट डायवर्जन सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक लागू रहेगी।
एमजी रोड से ग्वालियर की तरफ जाने वाले वाहन सुभाष पार्क से फतेहपुरसीकरी रोड पथौली नहर के रास्ते से जा सकते हैं।
प्रतापपुरा के पास ही बैरियर लगाया जाएगा। इससे आगे किसी भी वाहन को माल रोड की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
बालूगंज, सेंट जॉर्जिज स्कूल की तरफ से भी कोई वाहन माल रोड की तरफ नहीं जा सकेगा। सभी जगह माल रोड से काफी पहले बैरियर लगाए जाएंगे। दो लेयर बैरियर व्यवस्था की जा रही है। एक बैरियर 100 मीटर पहले ही लगा दिया जाएगा। दूसरा बैरियर चौराहे से 50 मीटर पहले होगा।
आगरा फोर्ट की तरफ से आने वाले वाहनों को छीपीटोला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
पुरानी मंडी चौराहे से कोई भी वाहन माल रोड, ताज व्यू तिराहा, होटल गंगा रतन तथा फूल सैयद चौराहे की तरफ नहीं आ सकेगा।
ट्राईडेंट मोड, टीडीआई मॉल से भी कोई वाहन माल रोड की तरफ नहीं आएगा।
कैंट रेलवे स्टेशन से कोई वाहन माल रोड की तरफ नहीं जाएगा। सभी वाहन नेमीनाथ पार्क तिराहा होते हुए सदर की तरफ जा सकते हैं।
नेमीनाथ पार्क तिराहा से कोई भी वाहन घी गोदाम तिराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
नौलक्खा, शहजादी मंडी, होटल क्लार्क शिराज तिराहे की तरफ से भी किसी वाहन को माल रोड पर नहीं जाने दिया जाएगा।
राजपुर चुंगी की तरफ से कोई वाहन अमर होटल की तरफ नहीं आएगा। फूल सैयद चौराहे की तरफ भी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।