आगरालीक्स… आगरा में एक निजी संस्था द्वारा आयोजित ओलंपियाड में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के छात्रों ने बाजी मारी है। वाणिज्य वर्ग के कक्षा 12 के छात्र आर्यन चंद्रा एवं विज्ञान वर्ग के कक्षा 11 के छात्र मनन अग्रवाल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर डिस्ट्रिक्ट टॉपर का खिताब पाया। आर्यन चंद्रा ने बताया कि जनवरी माह में आयोजित इस प्रतियोगिता में विज्ञान, कला और वाणिज्य तीनों वर्ग के प्रतिभागियों ने अपने-अपने विषय के अनुसार विधा में भाग लिया। अपनी विधा के अतिरिक्त इंग्लिश और लोजिकल रीजनिंग के प्रश्नों को हल करना था। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए छात्रों को जो भी शुल्क जमा करना होता है, वह प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में सदैव प्रबंध तंत्र अदा करता है, जिससे हम छात्रों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का सुअवसर मिलता ही रहता है। हमारा हिंदुस्तान ओलम्पियाड का शुल्क भी विद्यालय द्वारा ही दिया गया था। विद्यालय का यह प्रयास सर्वथा सराहनीय है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, श्री श्याम बंसल, प्राचार्या श्रीमती याचना चावला ने छात्रों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि वे सदैव सफलता के नए आयामों की ओर अग्रसर हों जहाँ भी आवश्यकता होगी, हम सभी हमेशा आपके साथ होंगे।