आगरालीक्स…आगरा में 23 दिन के नवजात में कोरोना की पुष्टि हुई है, माता पिता निगेटिव हैं, एक और सब्जी विक्रेता कोरोना संक्रमित मिला है। इस तरह सोमवार को 12 नए कोरोना के केस आए हैं, कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढकर 267 पहुंच गई है। जिन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, उन्हें हॉट स्पॉट मानते हुए सील किया जा रहा है।
आगरा में कोरोना के केस लगातार बढ रहे हैं। ताजगंज क्षेत्र में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उसके संपर्क में आए परिजनों के सैंपल लिए गए। इसमें से 23 दिन के नवजात में कोरोना की पुष्टि हुई है। नवजात की मां और पिता की रिपोर्ट निगेटिव है। नगला पदी क्षेत्र के एक सब्जी विक्रेता की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले फ्री गंज और गांधी नगर का सब्जी विक्रेता कोरोना पॉजिटिव आ चुका है। नगला पदी क्षेत्र को सील कर दिया है।
यमुना पार में युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव
यमुना पार की ट्रांस यमुना कॉलोनी ए ब्लॉक क्षेत्र का युवक कोरोना पॉजिटिव है, वह एक हॉस्पिटल में काम करता था, भगवान टॉकीज के पास स्थित हॉस्पिटली में कोरोना के केस आने के बाद युवक के साथ ही उसकी पत्नी और बच्चे क्वारंटाइन किए गए थे, इस क्षेत्र को भी हॉट स्पॉट घोषित किया गया है।