आगरालीक्स.. आगरा में साल के सबसे बडे दिन 21 जून को सुबह 10 बजकर 9 मिनट से सूर्य ग्रहण शुरू हो जाएगा, आज सूतक लग जाएंगे, पढे किस राशि के लिए ग्रहण देखना होगा शुभ।
साल का सबसे बडा दिन 21 जून को होता है, ऐसे में 21 जून रविवार को भारत में सूर्यग्रहण दिखाई देगा। सूर्य ग्रहण सुबह 10 बजकर 09 मिनट से शुरू होगा और एक बजकर 43 मिनट तक रहेगा। सूर्य ग्रहण भारत के साथ नेपाल, पाकिस्तान, सऊदी अरब, यूएई समेत कई अन्य देशों में भी देखा जा सकेगा।
एक दिन पहले यानी आज लग जाएंगे सूतक
सूर्यग्रहण से पहले सूतक लग जाएंगे, सूतक काल 20 जून शनिवार रात 21:52 मिनट से शुरू हो जाएगा। 21 जून को 13:52 पर समाप्त होगा। सूतक के दौरान गर्भवती स्त्री को खासतौर पर सावधानी बरतनी चाहिए।
सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा आने पर सूर्यग्रहण
दरअसल, सूर्य की परिक्रमा पृथ्वी लगाती है और पृथ्वी की परिक्रमा चंद्रमा, ऐसे में जब
सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा आता है तो चंद्रमा के पीछे सूर्य का बिंब कुछ समय के लिए ढक जाता है। इसे सूर्यग्रहण कहा जाता है।
किस राशि के लोग देखें ग्रहण
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार मेष, सिंह, कन्या, मकर राशि वालों के लिए ग्रहण देखना शुभ, वृष, तुला, धनु, कुंभ राशि वालों के लिए ग्रहण देखना सामान्य, जबकि मिथुन, कर्क, वृश्चिक, मीन राशि वालों के लिए ग्रहण देखना ठीक नहीं होगा।