आगरालीक्स.. लोन की ईएमआई टालने के मामले में अभी कोई राहत नहीं, पूर्व सीएम कल्याण सिंह की नातिन व दामाद को जान का खतरा, आगरा सहित देश दुनिया की अभी तक की खबरें।
लोन मोरेटोरियम पर और राहत नहीं
मोरेटोरियम यानी लोन की ईएमआई टालने के मामले में सरकार और राहत देने में असमर्थ है। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा देकर स्पष्ट किया है कि सरकार ने विभिन्न सेक्टर्स को पर्याप्त राहत पैकेज दिया है। मौजूदा महामारी के बीच अब यह संभव नहीं है कि इन सेक्टर्स को और ज्यादा राहत दी जाए।
पुजारी की मौत पर सियासी घमासान
राजस्थान के करोली में भूमि विवाद के चलते पुजारी को जलाकर मार दिया गया था। पुजारी के परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है, उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। राज्यपाल कलराज मिश्रा ने इस मसले पर सीएम अशोक गहलौत से बात की। सीएण ने कहा कि मामले की जांच कर दोषिय़ों को कड़ी सजा दी जाएगी।
मोदी मनाएंगे वर्चुअल दुर्गा पूजा
प. बंगाल की प्रसिद्ध दुर्गा पूजा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली हिस्सा लेंगे। वह 22 अक्टूबर को बंगाल के मेगा उत्सव के दूसरे दिन षष्टी को एक मेगा वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प. बंगाल में जल्द होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा विशेष रूप से सक्रिय हो गई है। गृहमंत्री अमित शाह भी प. बंगाल जाएंगे।
भारत की सीमा पर 60 हजार चीनी सैनिक तैनात
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पाम्पियो ने कहा है कि चीन ने भारत की उत्तरी सीमा पर 60 हजार से ज्यादा सैनिक तैनात कर रखे हैं, जिसकी वजह से दोनों देशों के बीच तनाव व्याप्त है। पाम्पियो क्वाड देशों के सम्मेलन में बोल रहे थे।
पूर्व सीएम की नातिन व दामाद को जान का खतरा
अलीगढ़लीक्स… राजस्थान के राज्यपाल यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह की नातिन और दामाद ने अपनी जान को खतरा बताया है। शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा देने का फैसला किया है। हालांकि इस मामले की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
एटा के सांसद राजवीर सिंह राजू की बेटी पूर्णिमा सिंह की शादी भाजपा ब्रजक्षेत्र के पदाधिकारी श्यौराज सिंह के बेटे प्रवीण राज सिंह से हुई थी। पूर्णिमा सिंह ने बीते दिनों अपर मुख्य सचिव गृह को एक पत्र लिखा, जिसमें कहा गया कि वह गत दिनों वह अपने पति के साथ शहर के बाजार में गई थीं। सामान खरीदने के लिए एक दुकान में चले गए। पीछे से किसी ने उनकी कार पर हमला किया, यदि वह दोनों कार में होते तो उनकी जानमाल को खतरा हो सकता था। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि पूर्व सीएम की नातिन और दामाद को सुरक्षा देने के संबंध में शासन को अवगत कराया गया है। मंडलीय सुरक्षा समिति की बैठक में अनुमोदन रखा जाएगा।