आगरालीक्स…आगरा के लोगों को करीब सात माह बाद बड़ी स्क्रीन पर अपनी पंसदीदा फिल्में देखने का मौका मिल रहा है। शहर में 15 अक्टूबर से सिनेमा हॉल खुलने जा रहे हैं। इसके लिए सभी सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। नवदुर्गा पर्व के साथ दीपावली तक कई फिल्में रिलीज होंगी और इस उद्योग को नई जान मिल सकेगी।
कोरोना संक्रमण को लेकर शुरू हुए लॉकडाउन में 22 मार्च से सिनेमा हॉल बंद कर दिए गए थे। इसके बाद अनलॉक शुरू होने पर धीरे-धीरे सभी प्रतिष्ठान और व्यवसाय को छूट मिलना शुरू हो गया था, लेकिन सिनेमाहॉल संचालकों को इससे राहत नहीं मिली थी लेकिन अब करीब सात माह बाद 15 अक्टूबर से सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स खुलने जा रहे हैं।
हर दर्शक की थर्मल स्क्रीनिंग
आगरा सिनेमा एग्जीवीटर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध गर्ग ने बताया कि सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स खोलने को लेकर गत दिवस डीएम के साथ बैठक हुई थी, जिसमें डीएम ने सिनेमा हॉल खुलने पर कोरोना संक्रमण को लेकर बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसमें दर्शकों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी।
हर शो के बाद हॉल का सेनेटाइजेशन
सिनेमा हाल में एक सीट को छोड़ दूसरी सीट पर बैठने का प्रबंध, दर्शकों के हाथों का सेनेटाइजेशन के साथ हर शो के बाद हॉल को सेनिटाइज करने के निर्देश दिए।
अभी सिर्फ 40 फीसदी दर्शकों की अनुमति
उन्होंने बताया कि डीएम ने कहा है कि 50 फीसदी दर्शकों की क्षमता के साथ सिनेमा हॉल चलने के आदेश हैं लेकिन वह कोरोना संक्रमण को देखते हुए फिलहाल 40 प्रतिशत क्षमता के साथ इसे चलाना चाहते हैं। इस पर सिनेमाहॉल संचालकों ने सहमति जताई। साथ ही उनके बताए निर्देशों के मुताबिक सिनेमाहॉल संचालित किए जाएंगे।
–विशेष—
-शहर में वर्तमान में 12 सिंगल स्क्रीन सिनेमाहॉल हैं
- शहर के पांच मल्टीप्लेक्स में दिखाई जाती हैं फिल्म
- लॉकडाउन के करीब 222 दिन करीब सात माह बाद खुलेंगे हॉल
-टीवी के छोटे पर्दे से लेकर मोबाइल स्क्रीन से छुटकारा मिल सकेगा। - सिनेमा हॉल की कैंटीन से अब डिब्बाबंद सामान ही दर्शकों को मिलेगा
-आगरा में किसी समय में तीन दर्जन से ज्यादा सिनेमा हाल संचालित थे