आगरालीक्स.. ड्रग्स मामले में एनसीबी का कॉमेडियन भारती के घऱ छापा, आगरा सहित देश दुनिया की अभी तक की खबरें.
ड्रग्स मामले में एनसीबी की कार्रवाई अभी जारी है। एनसीबी के रडार पर एक बाद एक फिल्म और और टीवी से जुड़े कलाकार आते जा रहे हैं। आज एनसीबी ने प्रख्यात कॉमेडियन भारती सिंह के अंधेरी स्थित निवास पर छापा मारा। अभी इस छापे की विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। ध्यान रहे कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद एनसीबी ने मौत का ड्रग्स कनेक्शन तलाशने के लिए कई फिल्म कलाकारों के खिलाफ कार्रवाई की है।
धमाकों से दहला काबुल
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल आज सिलसिलेवार धमाकों से दहल गई। धमाके शहर के बीचों-बीच स्थित घनी आबादी वाले ग्रीन जोन और उत्तरी क्षेत्र में हुए। टोलो न्यूज के अनुसार इन रॉकेट हमलों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई तथा 21 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक आज सुबह 14 रॉकेट दागे गए।
पाक उच्चायुक्त तलब किया
नगरोटा में हुई घटना पर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने इस सिलसिले में पाक के उच्चायुक्त को आज तलब किया है। ज्ञातव्य है कि जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकवादी ढेर हो गए थे तथा आतंकियों के पाकिस्तान से कनेक्शन होने के सुबूत मिले हैं। बताया गया है कि आतंकवादी पाकिस्तान में बैठे हुए अपने आकाओं के सम्पर्क में थे।
भूटान ने चीन की घुसपैंठ को नकारा
भूटान ने इस खबर का खंडन किया है कि चीन ने उसकी सीमा में ढाई हजार किलोमीटर अंदर घुसकर गांव बसा लिया है। भारत में भूटान के राजदूत वेटसोप नामग्येल ने कहा कि भूटान के अंदर चीन का कोई गांव नहीं बसा है। भूटान और चीन के बीच सीमा को लेकर किसी पुनिर्धारण के सवाल पर नामग्येल ने कहा कि सीमावर्ती मामलों में वह कोई बयान नहीं देंगे लेकिन उन्होंने यह माना कि चीन और भूटान के बीच सीमा वार्ता चल रही है, जो कोरोना के कारण धीमी पड़ गई है।