आगरालीक्स… पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तेजी थम नहीं रही है। तीन दिन की राहत के बाद आज फिर पेट्रोल 24 पैसे और डीजल 15 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं। लेकिन अर्थशास्त्री आगामी दिनों में इसमें कुछ कमी की संभावना जता रहे है। वहीं आगरा में पेट्रोल 89.07 रुपये और डीजल 81.45 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं।
गर्मियों में आ सकती है कीमतों में कमी
आगरा कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. शरदचंद्र भारद्वाज का कहना है कि उनका अनुमान है कि गर्मियों को और बढ़ने पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आने की संभावना है क्योंकि एक तो इनकी खपत कम होगी और पिछले अनुमानों के आधार पर भी गर्मियों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आती रही है। उन्होंने बताया कि ओपेक और अरब देशों की परिस्थितियां भी इसके लिए जिम्मेदार रही हैं।
आमजन का हो गया है बुरा हाल
पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आमजन का बुरा हाल हो गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतो में वृद्धि से महंगाई बढ़ने लगी है। रोजमर्रा की चीजों के दाम भी धीरे-धीरे बढ़ाए जा रहे हैं। टेंपो, रिक्शा चालकों ने भी किराया बढ़ा दिया है। रसोई गैस की कीमत आठ सौ रुपये से ज्यादा होने से महिलाओं में भी गुस्सा व्याप्त है। महिलाओं का कहना है कि गर्मियों में रसोई गैस की कीमत में कमी आनी चाहिए थी लेकिन इसकी कीमतों में और बढ़ोत्तरी कर दी गई है।