आगरालीक्स आगरा में जन औषधि केन्द्र पर सस्ती दवाओं के साथ एक्स-रे, पैथोलॉजी, सीटी स्केन, ओटी और ओपीडी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
रविवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में महाराजा अग्रसेन सेवा समिति द्वारा आयोजित जन औषधि दिवस समारोह में मुख्य अतिथि सांसद एसपी सिंह बघेल ने नकली दवाओं के कारोबार पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि दवा का सस्ता होने का मतलब उसकी क्वालिटी खराब होना नहीं है। आम जनता में यह भ्रम फैलाना बड़ी कम्पनियों की देन है। जन औषधि केन्द्रों में उपलब्ध जेनरिक दवाएं न सिर्फ गरीब मरीजों के बेहतर इलाज को सम्भव कर पा रही हैं बल्कि रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं।
महाराजा अग्रसेन सेवा समिति के महासचिव डॉ. वीडी अग्रवाल ने बताया कि जल्दी ही जन औषधि केन्द्र पर एक्स-रे, पैथोलॉजी, सीटी स्केन, ओटी और ओपीडी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सेवानिवृत डॉक्टरों की स्वाएं लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जन औषधी केन्द्र का सम्पूर्ण ब्यौरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर एलईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी अतिथियों ने सुना।
इस अवसर पर मुख्य रूप से महासचिव वीडी अग्रवाल, मोहनलाल सर्राफ, महावीर प्रसाद मंगल, रामरतन मित्तल, विजय बंसल, सतीश बंसल, सरजू बंसल, मुन्नालाल बंसल, ओमप्रकाश गोयल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, प्रेमचंद, फूलचंद बंसल, उमाशंकर अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
आवेदन करें 24 घंटे में मिलेगा लाइसेंस
कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि (असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग आगरा मंडल) डॉ. अखिलेश कुमार जैन ने बताया कि आगरा मंडल में 52 जन औषधि केन्द्र चल रहे हैं। लक्ष्य एक जिले में 75 जन औषधि केन्द्र का है। जिससे गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक परेशानी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े। जो लोग जन औषधि केन्द्र खोलना चाहते हैं, ऑनलाइन आवेदन करें, 24 घंटे में लाइसेंस मिलेगा।