आगरालीक्स…(30 June 2021 Agra News) आगरा के सिख समाज में आक्रोश—कहा सिख बच्चियों के अपहरण व जबर्दस्ती धर्म परिवर्तन पर तुरंत लगे रोक. सख्त एक्शन की मांग
पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
विगत समय में जम्मू कश्मीर में सिक्ख समाज की बच्चियों को बंदूक की नोक पर हुए धर्मांतरण पर सिक्ख समाज में रोष व्याप्त है. इस मुद्दे पर पिछले दिनों में आगरा में गुरूद्वारा गुरु के ताल पर मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी की अध्यक्षता में समाज की एक बैठक हुई, जिसमें इस घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कार्यवाही की मांग की थी. वहीं आज इसी सन्दर्भ में सिक्ख समाज के प्रतिनिधि मंडल ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन आगरा के अपर जिलाधिकारी नगर डॉ प्रभा कांत अवस्थी को उनके कार्यालय में सौंपा.
सख्त एक्शन की मांग
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि कश्मीर के अंदर सिख बच्चियों के साथ जबरदस्ती हो रहे अपहरण व धर्म परिवर्तन के बाद जोर जबरदस्ती से निकाह को लेकर सम्पूर्ण सिख समाज मे गहरा रोष व्याप्त है. इसे लेकर आगरा का समस्त सिख समाज आपसे मांग करता है कि कश्मीर मे हो रहे सिख बच्चियों पर जुल्म को तुरन्त रोका जाए और ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्यवाही कर सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी निन्दनीय हरकत ना कर सके.
कानून बनाने की मांग
साथ ही देश के अन्य प्रदेशों की तरह इस राज्य में भी ऐसा कानून लागू किया जाए कि इस तरह के विवाह बिना माँ बाप की स्वीकृति के बिना नहीं हो सके. केंद्र सरकार द्वारा इस मुद्दे पर संपूर्ण देश में एक समानता रूप कानून लागू कर और अधिक प्रभावी बनाया जाए. साथ ही जम्मू कश्मीर में पुनः पंजाबी भाषा को दूसरी भाषा घोषित किया जाए.
इस मौके पर गुरूद्वारा गुरु के ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह के अतिरिक्त वीर महेन्दर पाल सिंह, बन्टी ग्रोवर समन्वयक, स0 दलजीत सिह सेतिया, गुरमीत सिंह सेठी, ज्ञानी कुलविन्दर सिंह, सुरेन्द्र सिंह सलूजा एवं परमजीत सिंह मक्कर के हस्ताक्षर है.