आगरालीक्स… (19 July ) । शहर में अब कई स्थानों पर जाम के नये प्वाइंट बन रहे हैं। इससे लोगों को\ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाहनों का बढ़ रहा दबाव
शहर के मुख्य मार्गों के अलावा अन्य मार्गों पर भी जाम की स्थिति बन रही है। बाजारों को रात 10 बजे तक खोले जाने की अनुमति दिये जाने के बाद शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। कई स्थानों पर जाम के नए प्वाइंट बन रहे हैं।
सड़क पर दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा
हरीपर्वत से मदिया कटरा की ओर जाने वाले मार्ग पर देहलीगेट से लेकर मदिया कटरा पुल तक मार्ग जाम का नया प्वाइंट बन गया है। इस मार्ग पर दोनों ओर नर्सिंग होम होने के कारण कार, स्कूटर, बाइक सड़क के सहारे आगे तक खड़ा किए जाने से जाम की स्थिति बन रही है। कुछ पार्किंग स्थलों पर ठेल-ढकेल वालों ने कब्जा कर लिया है। इसकी वजह से वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है।
राजामंडी के छोटे चौराहे पर मुसीबत कम नहीं
राजामंडी बाजार का छोटे चौराहे जाम का नया केंद्र बन गया है। इस चौराहे के आसपास हलवाइयों की दुकानें हैं, जिनके आगे ग्राहक अपने वाहन खड़ा करते हैं। लोहामंडी, सेंट जोंस से आने वाले वाहन भी इसी चौराहे से होकर अशोक नगर, राजामंडी बाजार की ओर निकलते हैं। इससे पूरे दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
घने बाजारों में समस्या आम फुलट्टी बाजार, शाहगंज, घटिया आजम खां चौराहा, घटिया छिलीईंट, हींग की मंडी समेत अन्य ऐसे स्थान हैं, जहां पहले जाम नहीं लगता था, लेकिन अब उप मार्गों पर जाम लगने लगे हैं।