आगरालीक्स ..आगरा में हर क्षेत्र में मोबाइल टीम सैंपल लेगी, थाने पर एक ग्रुप में लोगों को बुलाया जाएगा और कोरोना की जांच कराई जाएगी। इसके पॉजिटिव आने पर उस ग्रुप से जुडे अन्य लोगों की भी जांच कराई जाएगी। इसके लिए तीन मोबाइल टीम गठित की गईं हैं। इसमें से दो टीम जिला अस्पताल और एक टीम सीएमओ कार्यालय की है।
कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए प्लानिंग लगातार बदली जा रही है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने तीन मेडिकल मोबाइल टीम बनाई हैं। इनमें दो जिला अस्पताल और एक सीएमओ के निर्देशन वाली होगी। टीम थाने के संपर्क में रहेगी। एक समूह को एक स्थान पर बुलाया जाएगा। उसके बाद टीम उनकी सैंपलिंग करेगी। सैंपल लेने के दौरान उनके नाम, पते, मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट आने पर उसी के अनुसार कोविड-19 के मानकों को लागू किया जाएगा। जिस समूह के लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आएगी, उनके इलाकों के लोगों के भी साथ ही साथ सैंपलिंग करा ली जाएगी। इससे कोरोना का संक्रमण रोकने में सफलता मिलेगी। एसएसपी बबलू कुमार का मीडिया से कहना है कि सभी थाना प्रभारियों से पूल सैंपलिंग के लिए अपने-अपने इलाकों के लोगों को एकत्र करने के निर्देश दिए हैं।