आगरालीक्स…आगरा में शॉकिंग मर्डर मिस्ट्री, पति की हत्या कर पत्नी 45 दिन तक करती रही उसके लापता होने का नाटक. पुलिस ने आज बाथरूम खोदकर निकाला कंकाल…कातिल पत्नी का ऐसे खुला राज
आगरा में हत्याकांड का चौंकाने वाला मामल सामने आया है. पत्नी ने अपनी पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया. उसके ऊपर फर्श कराकर टाइल्स लगा दिए. 45 दिन तक पत्नी अपने पति के लापता होने का नाटक भी करती रही लेकिन पुलिस के एक रूटीन वेरीफिकेशन ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करवा दिया.पूरा मामला पढ़ें
आगरा के रेणुका धाम कॉलोनी सिकंदरा में 40 साल के सुरेंद्र शर्मा, पत्नी रूबी, दो बेटी और मां कमला के साथ रह रहे थे. इनकी मां की पेंशन आती थी और उसी से घर चलता था. 18 मई को रूबी ने जेठ अनिल शर्मा को फोन किया, उन्हें बताया कि वे मां और बेटी को ले जाएं. अनिल शर्मा अपने साथ रूबी की सास और दोनों बेटियों को वायु विहार कॉलोनी स्थित अपने घर ले गए. अगले दिन रूबी भी उनके घर पहुंच गई, जब अनिल शर्मा ने भाई सुरेंद्र शर्मा के बारे में पूछा तो बताया कि वे कहीं चले गए हैं. करीब सात दिन बाद भी सुरेंद्र शर्मा का पता न चलने पर रूबी ने प्राची टावर चौकी पर जाकर गुमशुदगी दर्ज करा दी. जून के अंत में रूबी, उसकी सास और दोनो बेटियां वापस रेणुका धाम कॉलोनी स्थित अपने घर पर आ गईं. पिछले दिनों अनिल शर्मा रेणुका धाम से अपनी मां को साथ ले गए। घर पर रूबी और उनकी दोनों बेटियां रह रहीं थी.
पुलिस वेरीफिकेशन से खुला राज
मृतक सुरेंद्र शर्मा के खिलाफ पहले से ही एक ट्रक चोरी का मामला दर्ज था. इसी मामले में शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे पुलिस की एक टीम रूटीन सत्यापन और पूछताछ के लिए सुरेंद्र के घर पहुंच गई. पुलिस को दरवाजे पर देख रूबी बुरी तरह से घबरा गई. उसने जेठ अनिल शर्मा को फोन कर मदद के लिए बुलाया और सुरेंद्र शर्मा की मौत के बारे में जानकारी दी. जेठ ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने रूबी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर बाथरूम की खुदाई करवाई. यहां से सुरेंद्र का शव कंकाल के रूप में बरामद किया गया है. पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि रूबी ने सोची समझी साजिश के तहत ही घटना वाले दिन सास और दोनों बेटियों को जेठ के घर भेज दिया था. इसके बाद रात को खाने में सुरेंद्र के लिए खीर बनाई और उसमें नींद की गोलियां मिला दी. जिसे खाकर सुरेंद्र बेहोश हो गया. रूबी ने इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और सुबूत छुपाने के लिए पति के शव को घर के अंदर बने बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया. पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.