आगरालीक्स…आगरा में अनोखी पहल. लाभकारी कीटों के लिए बनाया “बग होटल”. पूरी तरह ईको फ्रैंडली और रिसाइकल्ड मैटेरियल्स से बना…नेस्टिंग, ब्रीडिंग और ओवरविंटरिंग के लिए सुरक्षित स्थान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पारीजात इको फाउंडेशन ने एक बेहद अनोखी और सराहनीय पहल करते हुए शहर में “बग होटल” (Bug Hotel) का निर्माण किया। यह खास संरचना लाभकारी कीटों जैसे मधुमक्खियों, तितलियों और अन्य सूक्ष्म जीवों के लिए एक सुरक्षित आश्रय के रूप में तैयार की गई है। पर्यावरणविद् अनुराधा चौहान ने इस पहल के महत्व को समझाते हुए बताया कि बग होटल एक कृत्रिम संरचना होती है, जो लाभकारी कीटों को सुरक्षित nesting, breeding और overwintering के लिए स्थान प्रदान करती है।उन्होंने बताया कि आज के कंक्रीट से भरे शहरी क्षेत्रों में, जहां प्राकृतिक आवास तेजी से खत्म हो रहे हैं, यह बग होटल इन छोटे जीवों के लिए “नई जिंदगी” जैसा है। यह न केवल उनके संरक्षण में मदद करता है, बल्कि शहर की जैव विविधता को बढ़ाने और स्थानीय इकोसिस्टम को मजबूत बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आगे बताया कि इस बग होटल की खासियत यह है कि इसे पूरी तरह ईकोफ्रैंडली और रिसाइकल्ड मैटेरियल्स जैसे सूखी लकड़ियां, बांस, पत्ते, ईंटों के टुकड़े और घास से बनाया गया है। इसकी डिजाइन इस तरह की गई है कि अलग-अलग प्रकार के कीट अपनी जरूरत के अनुसार इसमें घर बना सकें।
इस पहल को संस्था की टीम ने मिलकर तैयार किया, जो सामूहिक प्रयास और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण है। इस अवसर पर डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. ममता मीणा, डॉ. गुंजन, डॉ. यशस्विता, नूपुर, मिताली और एडवोकेट ऋतु मौजूद रहीं। संस्था ने आमजन से अपील की कि वे भी अपने घर, बालकनी या गार्डन में छोटे-छोटे बग होटल बनाकर इन महत्वपूर्ण जीवों के संरक्षण में भागीदारी निभाएं।