आगरालीक्स…लड़की से फोन पर बात करता था 16 साल का ध्रुव. बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और धमकी मिली थी. 10 जून को रेलवे ट्रैक पर मिला था शव
बाह के इंद्रायनी में 10 जून को ट्रेन से कट कर मरे किशोर ध्रुव (16) की मौत में नया मोड सामने आया है। किशोर की विधवा मां ने मौत से दो दिन पहले लड़की से बातचीत की रंजिश में उसके पिता आदि पर बंधक बनाकर पीटने एवं जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पुलिस ने आत्महत्या के उकसावे की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आगरा इटावा वाया बटेश्वर रेल लाइन पर 10 जून को ट्रेन से कट कर बाह के इंद्रायनी गांव के किशोर ध्रुव (16) की मौत हुई थी। रेलवे ट्रेक से 100 मीटर की दूरी पर मृतक की क्षतिग्रस्त बाइक खड़ी मिली थी। जबकि कुछ दूरी पर अलग अलग स्थान पर चप्पलें पड़ी मिली थी। मृतक के फोन पर मृत्युपूर्व एक ही नंबर की तीन मिस्डकॉल थी। मृतक की विधवा मां राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि मौत से दो दिन पहले लड़की के नंबर से कॉल आई थी। 8 जून की शाम ध्रुव डेयरी पर दूध डालने गया था। लड़की से फोन पर बातचीत की रंजिश में उसके पिता, गांव के ही राहुल व अज्ञात साथियों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा था। जान से मारने की धमकी दी थी। यह बात ध्रुव ने उनको बताई थी। इसी साजिश और उत्पीड़न के चलते 10 जून को ध्रुव की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कट कर जान गई थी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच एवं कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई थी। बाह पुलिस ने तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।