आगरालीक्स…आगरा में पहले दिन 5,863 अभ्यर्थियों ने छोड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा. 19,673 अभ्यर्थी हुए परीक्षा में शामिल. कड़ी सुरक्षा में दिया गया प्रवेश. खुद निरीक्षण करने पहुंचे डीएम
आगरा में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा पहले दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में हुई. आगरा के 28 केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में हुई. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रही तो वहीं दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई.5863 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
पहले दिन हुई इस परीक्षा में कुल 5863 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी. पहली पाली में 2953 और दूसरी पाली में 2910 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए नहीं पहुंचे. परीक्षा में 25,536 अभ्यर्थियों को शामिल होना था लेकिन परीक्षा में 19,673 अभ्यर्थी ही शामिल हुए. परीक्षा कल और परसों भी होगी.
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंडलायुक्त एवं पुलिस आयुक्त के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के लिए बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय, आगरा कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीटिंग प्लान एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया. भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट अथवा शेड लगाने, शीतल पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था छायादार स्थान पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बोर्ड की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.